उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से तबाही, 111 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

 

 

लखनऊ: 14 मई (ए) उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज तूफान और भारी बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गये और मकानों को नुकसान पहुंचा तथा कम से कम 111 लोगों की मौत हो गयी और 72 लोग घायल हो गये। राहत आयुक्त कार्यालय ने यह जानकारी दी ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बेमौसम बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुई जानमाल की हानि और क्षति का संज्ञान लिया तथा अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया।राहत आयुक्त कार्यालय ने बृहस्पतिवार शाम जारी एक बयान में कहा, ‘‘13 मई को खराब मौसम, तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने के कारण 26 जिलों से 111 लोगों की मौत की खबरें मिलीं। राज्य में 72 लोग घायल हुए, 170 पशु हानि और 227 घरों को नुकसान हुआ।’’ इसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संभागीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को घटनाओं को ‘पूरी संवेदनशीलता के साथ’ सत्यापित करने और प्रभावित परिवारों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। राहत आयुक्त कार्यालय ने कहा कि वह जिला अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है और जिलों को आवश्यक धन उपलब्ध कराया जा रहा है। आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए और बीमा कंपनियों के साथ-साथ राजस्व और कृषि विभाग को नुकसान का सर्वेक्षण करने और सरकार को रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया.