आजमगढ़,16 मई (ए)। यूपी के आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार की शाम को कंटेनर एवं कार की जोरदार हुई टक्कर में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार के सिवान जिले के निवासी दंपति और उनकी दो बेटियां शामिल हैं, जबकि एक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कार सवार लोग बिहार के सिवान जिले से फरीदाबाद (हरियाणा) जा रहे थे।
हादसे में कार सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनीष कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन श्रीवास्तव तथा बेटियां अदिति और आस्था, निवासी सिवान (बिहार) के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस, यूपीडा का बचाव दल, सीओ सिटी शुभम तोदी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। क्रेन की मदद से कार को कंटेनर से अलग कराया गया।