भदोही (उप्र): 20 मई (ए)
) पुलिस ने राज्य मंत्री ए. के. शर्मा की हालिया भदोही यात्रा के दौरान उनके काफिले में 27 वाहन होने का भ्रामक दावा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्रीय लेखपाल (राजस्व अधिकारी) हरिकेश की शिकायत पर मंगलवार को ज्ञानपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 (मानहानि) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर “बात खरी है” शीर्षक से प्रसारित संदेशों में दावा किया गया कि उत्तर प्रदेश के ऊर्जा-शहरी विकास मंत्री एवं भदोही के प्रभारी मंत्री ए. के. शर्मा 27 वाहनों के काफिले के साथ यात्रा कर रहे थे। त्यागी ने बताया कि शर्मा ने 15 मई को जिले में आंधी और बारिश से हुई घटनाओं के बाद भदोही का दौरा किया था। इन घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, दौरे के दौरान मंत्री ने आंधी से हुए नुकसान की समीक्षा की और राजस्व अतिथि गृह में मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि के चेक सौंपे। उन्होंने कहा कि इस दौरान मंत्री के साथ केवल तीन वाहन थे। पुलिस का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इन संदेशों का उद्देश्य सरकार और प्रशासन की छवि खराब करना तथा लोगों को गुमराह करना था।