नयी दिल्ली: 27 मई (ए)
) उत्तर भारत बुधवार को भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजस्थान के श्री गंगानगर में देश का सर्वाधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने पर लू की स्थिति घोषित की जाती है, जबकि 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान को भीषण लू की श्रेणी में रखा जाता है।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि बीकानेर मंडल, कोटा मंडल और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में 27 और 28 मई को तापमान 48 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
बुधवार को राजस्थान के सबसे गर्म शहरों में श्री गंगानगर में सबसे अधिक तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद पिलानी में 47 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बीकानेर में 46.6 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर और चूरू में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फलोदी में 46.2 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 45.4 डिग्री सेल्सियस और वनस्थली में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं, बाड़मेर और उदयपुर में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा।
लगातार जारी लू के बावजूद, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 28 मई से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।
इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की आशंका है।