तिरुवनंतपुरम: 28 मई (ए
) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास पर छापेमारी करने पहुंचे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के वाहनों पर हुए हिंसक हमले के सिलसिले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने यह भी कहा कि और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि स्थानीय माकपा नेता आई. पी. बीनू सहित कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।राज्य के पुलिस प्रमुख रावदा ए चंद्रशेखर ने बताया कि बुधवार को ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हमले किए गए थे। इस घटना की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और हिंसा में शामिल कुछ और लोगों की पहचान कर ली गई है। पुलिस प्रमुख ने कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे की जानकारी मिलने के बाद विजयन के आवास के पास विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस को छापे के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं मिली थी। ईडी अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों पर हमले के बाद केरल पुलिस ने लगभग 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है。