कीव: 29 मई (एपी) यूक्रेन पर बृहस्पतिवार रात भर किए गए लगातार हमलों के दौरान एक रूसी ड्रोन पूर्वी रोमानिया की एक आवासीय इमारत से टकराया, जिससे दो लोग घायल हो गए। रोमानिया के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देश की हवाई सीमा में रडार पर दिखाई दिया यह ड्रोन गलाती शहर की एक इमारत की छत से टकरा गया, जिसके बाद वहां आग लग गई। घटना में दो लोगों को मामूली चोटें आईं और कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
डेन्यूब नदी के किनारे बसा गलाती शहर मोल्दोवा और यूक्रेन की सीमाओं के पूर्व में स्थित है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
इस घटना के बाद रोमानिया की सेना ने दो एफ-16 लड़ाकू विमान और एक हेलीकॉप्टर तैनात किया। प्रभावित इलाकों के निवासियों को चेतावनी संदेश भी भेजे गए।
इस घटनाक्रम पर उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) सदस्य रोमानिया ने संगठन से अपनी सेना को जल्द से जल्द ड्रोन-रोधी क्षमताएं उपलब्ध कराने की मांग की है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया।
रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने शुक्रवार को नाटो सदस्य देशों के शीर्ष रक्षा निकाय की बैठक बुलाई। बैठक में उस घटना के प्रभावों पर चर्चा की गई और उन्होंने इसे रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण शुरू किए जाने के बाद से ‘‘रोमानिया की जमीन पर हुई सबसे गंभीर घटना’’ बताया।
उन्होंने इस घटना के लिए सीधे रूस को जिम्मेदार ठहराया।
डैन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘रूस के संबंध में हम उचित कदम उठाएंगे। … इस हमले के जिम्मेदार और इसके कारण को लेकर किसी तरह की कोई अस्पष्टता नहीं है।’’
उन्होंने घायलों, उनके परिवारों और इससे प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रोमानिया के सशस्त्र बलों के संयुक्त स्टाफ के कार्यवाहक कमांडर जनरल घियोर्गे मैक्सिम ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बेशक यह रूस की ओर से रोमानिया पर किया गया हमला नहीं है, लेकिन रोमानिया के लोगों को यह समझना चाहिए कि रूस इस क्षेत्र के देशों की सुरक्षा के लिए एक खतरा है।’’
रूस, यूक्रेन की विद्युत संरचनाओं को तबाह करने और शहरों को निशाना बनाने के लिए लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है।
यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, बृहस्पतिवार रात यूक्रेनी बलों ने 217 ड्रोन नष्ट कर दिए।
वायु सेना ने कहा कि रूस ने कुल 232 ड्रोन और एक बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया। हमलों के कारण 14 जगहों पर क्षति हुई है।