गहरी खाई में कार गिरने से सात महिलाओं समेत आठ की मौत, चार घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

देहरादून,28 नवंबर (ए)। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी के पास शनिवार को एक ओवरलोडेड इको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।इस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।इस दुखद घटना के बाद प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से वित्तीय सहायता की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

यह दुर्घटना पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में उस समय हुई जब चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में सात महिलाओं समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था और इसमें कुल 12 लोग सवार थे।घटना की सूचना मिलते ही रिखणीखाल थाने की पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई से चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर रिखणीखाल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

पुलिस ने मृतकों की पहचान कांटी देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) के रूप में की है। घायलों में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) शामिल हैं। वाहन में सवार सभी लोग भंगलवाड़ के निवासी थे