जैसलमेर: 31 मई (ए)
) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बुलोस के साथ रविवार सुबह निजी दौरे पर राजस्थान के जैसलमेर पहुंचीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दंपति विशेष विमान से दिल्ली से जैसलमेर सिविल हवाई अड्डे पहुंचे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल और पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने उनका स्वागत किया।
हाई-प्रोफाइल आगंतुकों के लिए सम रोड क्षेत्र के एक होटल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय पुलिस, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, अपने प्रवास के दौरान दंपति सोनार किला, पटवों की हवेली और गड़ीसर झील जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। एक रात ठहरने के बाद उनके सोमवार को दिल्ली लौटने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे से स्थानीय पर्यटन क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना है।