नयी दिल्ली: 25 जून (ए)
) दिल्ली सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुये भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं दानिक्स कैडर के 60 अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है, जिनमें चार मंत्रियों के सचिव भी शामिल हैं।
बुधवार को जारी सेवा विभाग के आदेशों के अनुसार, समाज कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) महिला एवं बाल विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।आदेश के मुताबिक, सिंचाई विभाग के एसीएस नवीन चौधरी सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। अब तक पांडुरंग पोल सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) का प्रभार संभाल रहे थे। पोल अब सचिव (भूमि और भवन) होंगे और उनके पास सचिव (श्रम और सहकारिता) का अतिरिक्त प्रभार भी होगा।
इसके मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में विशेष सचिव संदीप कुमार सिंह अब शाहजहानाबाद पुनर्विकास निगम के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी संभालेंगे। विशेष सचिव (गृह) के पद पर तैनात सचिन राणा के पास विशेष सचिव (ग्रामीण विकास) और दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रधान निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी होगा।
एडीएम (बाहरी उत्तर) के तौर पर काम कर रहे अंकुर मेशराम अब समाज कल्याण मंत्री रविंदर सिंह इंद्राज के सचिव होंगे।
आदेश के मुताबिक, कानून मंत्री कपिल मिश्रा के सचिव विनय कुमार जिंदल अब दिल्ली जल बोर्ड के निदेशक होंगे। संयुक्त निदेशक (शिक्षा) रंजीत कुमार सिंह मंत्री कपिल मिश्रा के नए सचिव होंगे।
इसके अनुसार, शहरी विकास विभाग में संयुक्त सचिव के तौर पर काम कर रहे राजेश चौधरी अब पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के सचिव होंगे।प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिला मजिस्ट्रेट और उप संभागीय मजिस्ट्रेट का भी तबादला किया गया है।
आधिकारिक आदेश के अनुसार, विपुल पाठक ( 1992) को अतिरिक्त मुख्य सचिव (समाज कल्याण) के साथ-साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव (SC/ST/OBC) और अतिरिक्त मुख्य सचिव (WCD) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वहीं, नवीन कुमार चौधरी (IAS 1994) को अतिरिक्त मुख्य सचिव (I&FC) के साथ-साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव (GAD) का अतिरिक्त प्रभार मिला है. इसके अलावा, पांडुरंग के. पोले (IAS 2004) को सचिव (भूमि एवं भवन) बनाया गया है, साथ ही उन्हें सचिव-सह-आयुक्त (श्रम) और सचिव (सहकारिता) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
परिवहन विभाग के संदर्भ में जितेंद्र यादव (IAS 2010), जो एमडी (DTC) हैं, को सचिव (IT) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जिससे वे परिवहन विभाग के विशेष आयुक्त के प्रभार से मुक्त हो गए हैं. इसी तरह, संदीप कुमार सिंह (IAS 2011) को विशेष सचिव (CMO) के साथ-साथ विशेष सचिव (वित्त) और एमडी (SRDC) का अतिरिक्त प्रभार मिला है. सचिन राणा (IAS 2014) अब विशेष सचिव (गृह) के अलावा विशेष सचिव और प्रधान निदेशक (DFS) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे. इसी तरह प्रशासनिक आदेश संख्या 251 के तहत दानिक्स अधिकारियों के भी बड़े स्तर पर कार्यक्षेत्र बदले गए हैं. राजस्व विभाग में कई एसडीएम स्तर के अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है. यश पाल को एसडीएम (पटपड़गंज) से एसडीएम (पटेल नगर) स्थानांतरित किया गया है, जबकि संजीवन कुंडू को एसडीएम (मुख्यालय) दक्षिण से पुलिस शिकायत प्राधिकरण में उप सचिव बनाया गया है. पंकज रॉय गुप्ता को एसडीएम (द्वारका) से अधीक्षक (कारागार) के पद पर तैनात किया गया है.