नयी दिल्ली: 26 जून (ए)
) कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीट पर 509 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की।
इन कदम का मकसद पार्टी के बूथ-स्तरीय नेटवर्क को मजबूत करना है।
कांग्रेस ने वर्ष 2022 में ब्लॉक और बूथ के बीच में मंडल इकाई बनाने का फैसला किया था।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने एक बयान में कहा कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और इनका उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को ‘‘मजबूत और ऊर्जावान’’ बनाना है।
पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार, 509 मंडल अध्यक्षों को दिल्ली की सभी जिला इकाइयों और विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त किया गया है।
बयान में कहा गया है कि नवनियुक्त पदाधिकारियों को कांग्रेस की विचारधारा और संगठनात्मक सिद्धांतों के अनुरूप काम करने, अपने-अपने मंडल क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखने और समय-समय पर पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रमों एवं अभियानों को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये नियुक्तियां ऐसे समय में की गई हैं, जब कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मद्देनजर अपनी बूथ-स्तरीय संगठनात्मक मशीनरी को मजबूत करने का अभियान शुरू किया है।
इस महीने की शुरुआत में पार्टी ने अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए)-1 कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया था और कहा था कि वह यह सुनिश्चित करेगी कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान विशेष रूप से दलित, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाया जाए।