कांग्रेस ने उप्र, हरियाणा और ओडिशा के प्रभारी नियुक्त किए

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 26 जून (ए)) कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में फेरबदल करते हुए राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया।

इसके साथ ही, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. को कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवा दल का मुख्य संगठक नियुक्त किया गया है।पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की।

राजेंद्र पाल गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक वह कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित है।

हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया।

हरिप्रसाद के स्थान पर हरियाणा के प्रभारी बनाए गए संजय दत्त अब तक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव की भूमिका निभा रहे थे।

अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है।