पुलिस ने एक फरार गैंगस्टर का अवैध मकान ध्वस्त किया

झारखण्ड रांची
Spread the love

धनबाद (झारखंड): चार जुलाई (ए)) झारखंड पुलिस ने शनिवार को फरार गैंगस्टर प्रिंस खान की एक अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भाकपा (माले) लिबरेशन के विधायक अरूप चटर्जी द्वारा रंगदारी की मांग को लेकर इस अपराधी से धमकी भरे फोन आने का आरोप लगाने के एक दिन बाद की गई है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह ध्वस्तीकरण अभियान धनबाद के बैंक मोड़ थानाक्षेत्र के वासेपुर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में चलाया गया।

प्रिंस खान पर हत्या, जबरन वसूली और दंगे जैसी 50 से ज्यादा गंभीर आपराधिक घटनाओं में लिप्त रहने का आरोप है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वह लगभग तीन साल पहले भारत से भाग गया था।

धनबाद (शहर) के पुलिस अधीक्षक ने ‘ बताया, ‘‘धनबाद और बैंक मोड़ थानाक्षेत्रों में उनके खिलाफ लंबित दो मामलों के संबंध में अदालत से आदेश मिलने के बाद हम दो मंजिला इमारत को गिरा रहे हैं। लगभग दो हफ्ते पहले हमने घर से संपत्ति जब्त की थी और अब इसे पूरी तरह से बुलडोज़र से गिराया जा रहा है।’’

पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों को बताया कि यह घर भवन नियमों का उल्लंघन करके बनाया गया था।

धनबाद के पुलिस उपाधीक्षक (कानून-व्यवस्था) प्रकाश सोय ने बताया कि इलाके की घेराबंदी करके अवैध ढांचे को हटाया जा रहा है तथा इलाके में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए छह थानों के पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि खान पहले दुबई चला गया था, लेकिन अब खबर है कि वह पाकिस्तान पहुंच गया है।

चटर्जी ने शुक्रवार को कहा था कि जब उन्होंने सामान्य कॉल का जवाब नहीं दिया, तब उनके पास धमकी भरे व्हाट्सऐप संदेश आये।

उन्होंने बताया कि उसी नंबर से एक ऑडियो संदेश और पिस्तौल से गोली चलाने का वीडियो क्लिप भी भेजा गया था।

विधायक ने आरोप लगाया, ‘‘शुरुआत में, कई फ़ोन कॉल आए। जब ​​कोई जवाब नहीं दिया गया, तो मुझे व्हाट्सऐप पर कई संदेश भेजे गए – जिनमें टेक्स्ट संदेश, एक ऑडियो संदेश, एक वीडियो क्लिप तथा कई और टेक्स्ट संदेश शामिल हैं। इन संदेशों में रंगदारी की मांग की गई, धमकियां दी गईं और ऐसा करने वाला खुद को दुबई से प्रिंस खान बता रहा था।’’