उप्र: मेडिकल कॉलेज में छात्र ने चाकू से हमला कर छात्रा की हत्या की

उत्तर प्रदेश पीलीभीत
Spread the love

पीलीभीत: 14 जुलाई (ए)) उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार को पैरामेडिकल के एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से कथित तौर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में हुई। सहपाठी छात्र सागर सिंह ने छात्रा कशिश पटेल पर ताबड़तोड़ हमला किया। बचाने आई एक महिला कर्मचारी निधि सहगल भी इस हमले में घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल छात्रा को बरेली रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हमले के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बरेली के भुता थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय कशिश पटेल के रूप में हुई है। वह पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में डिप्लोमा इन सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष की छात्रा थी घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में पैरामेडिकल छात्राएं धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने आरोपी छात्र सागर सिंह को मौके पर ही पकड़ लिया है.प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद  की बात सामने आई है। पुलिस  ने बताया कि आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि उससे पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।