नयी दिल्ली: 24 जुलाई (ए
) दिल्ली के महापौर कार्यालय को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों ने कार्यालय परिसर की सुरक्षा जांच की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पूर्वाह्न 10 बजकर 23 मिनट पर एक ईमेल में दोपहर एक बजकर 11 मिनट पर बम धमाके की धमकी दी गई थी, जिसके बाद महापौर कार्यालय ने दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया।
अधिकारियों ने बताया कि एजेंसियों ने प्रवेश और निकास द्वार सहित पूरे परिसर की गहन जांच की तथा तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
कार्यालय ने बताया कि पहले भी तीन से चार बार बम धमकियां मिल चुकी हैं और इससे पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर मामले की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी थी।
महापौर कार्यालय ने बताया कि सार्वजनिक संस्थानों और संवैधानिक पदों से जुड़े कार्यालयों को बार-बार मिल रही धमकियां गंभीर चिंता का विषय हैं।
कार्यालय ने जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इससे पहले दिल्ली विधानसभा, सचिवालय और शंकर विहार स्थित एक आर्मी पब्लिक स्कूल को ऐसी धमकियां मिली थीं।
बाद में बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते द्वारा जांच किए जाने के बाद धमकी को फर्जी करार दिया गया।