श्रीनगर: 27 जुलाई (ए)
) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा के आश्वासन के बावजूद मुकदमों का सामना कर रहे विद्यार्थियों के लिए कानूनी सहायता जुटानी चाहिए।
महबूबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और भाजपा शासित अन्य राज्यों से ऐसी परेशान करने वाली खबरें सामने आ रही हैं कि जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल युवाओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि जिन लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, उनमें से बड़ी संख्या मुसलमानों की है।”
उन्होंने कहा कि ये गिरफ्तारियां तब भी हो रही हैं, जबकि नड्डा ने आश्वासन दिया था कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे।
महबूबा ने कहा, “यह सब जे. पी. नड्डा के उस आश्वासन के बावजूद हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सभी प्राथमिकियां वापस ले ली जाएंगी। कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके को हस्तक्षेप करना चाहिए, यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह वादा पूरा हो और मुकदमों का सामना कर रहे लोगों के लिए कानूनी सहायता जुटानी चाहिए।”
कॉजपा ने यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था, जिसमें अन्य मांगों के अलावा शिक्षा व्यवस्था में सुधार और तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई थी।