सिद्धार्थनगर: नौ अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि देश के युवाओं ने कांग्रेस को पूरी तरह ‘दफन’ कर दिया है और सत्ता के अहंकार के खतरों को समझने के लिए कांग्रेस के पतन का उदाहरण काफी है।
आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर में 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद यह बात कही।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘सत्ता के नशे का दुष्परिणाम कितना खतरनाक हो सकता है, इसे समझने के लिए कांग्रेस के पतन को देखना चाहिए। उन्होंने क्रांतिकारियों को भुला दिया और आज देश के युवाओं ने कांग्रेस को दफन कर दिया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ‘‘पूरी तरह नकारात्मक रास्ते’’ पर चल रही है। उन्होंने सवाल किया कि भारत गुलाम क्यों हुआ। उन्होंने इसके लिए दो कारण बताए।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पहला कारण था समाज में जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर अपमान जैसी विसंगतियां, जिनसे समाज में विभाजन पैदा हुआ। दूसरा कारण यह था हमारी अपनी व्यवस्था में शामिल कुछ लोगों की साजिश, जिन्होंने उस समय देश का मार्गदर्शन करने के बजाय समाज को गुमराह किया।’’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाज को बांटने का वही पाप, जिसके कारण भारत गुलाम हुआ, आज कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जातिगत विभाजन पैदा करके दोहरा रही हैं।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘उनकी विभाजनकारी राजनीति का परिणाम क्या है? क्या कभी किसी ने उनसे पूछा कि सबसे लंबे समय तक देश और प्रदेश में शासन करने के बावजूद उन्होंने युवाओं, किसानों, गरीबों और महिलाओं के लिए क्या किया?’’
कांग्रेस पर हमला करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, “भारत की आजादी के लिए अपने प्राणों की परवाह न करने वाले क्रांतिकारियों की कार्रवाई को अंग्रेजों ने ‘डकैती’ करार दिया था और आजादी के बाद कांग्रेस ने भी इसे डकैती ही कहा। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आभारी हैं, जिन्होंने ‘काकोरी डकैती’ की घटना का नाम बदलकर ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ कर क्रांतिकारियों का सम्मान किया।’’
उन्होंने यह भी कहा, “आज़ादी के बाद सत्ता में आए लोग सत्ता के नशे में इतने चूर हो गए कि वे संस्थानों के नाम अपने परिवारों के नाम पर रखने में ही लगे रहे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत में बड़ा बदलाव आया है।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘एक समय था जब दुनिया भारत को पिछड़े, गरीब और कमजोर देश के रूप में देखती थी, जिसे अपने विरोधियों के सामने टिक पाना मुश्किल माना जाता था। आज वही भारत अपने विरोधियों के सामने मजबूती से खड़ा है और पूरी दुनिया उसकी ओर देख रही है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में जिस भारत की अर्थव्यवस्था ‘‘बर्बाद’’ हो गई थी, वही देश आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उन्होंने कहा कि जो भारत कभी भ्रष्टाचार और नीतिगत जड़ता के लिए जाना जाता था, वही अब युवाओं के लिए एक मजबूत स्टार्टअप व्यवस्था के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस को लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में शासन करने का अवसर मिला और समाजवादी पार्टी के चार बार मुख्यमंत्री रहे। फिर भी उन्होंने युवाओं का समर्थन हासिल करने के लिए आखिर क्या किया?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा किया, जबकि समाजवादी पार्टी ने भी प्रदेश के युवाओं के साथ ऐसा ही किया।
उन्होंने कहा, ‘‘जब देश भ्रष्टाचार, आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद और दंगों का सामना करता है और प्रदेश में दंगे, अराजकता तथा व्यापार एवं निवेश के प्रतिकूल माहौल की स्थिति होती है, तो इसका सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ता है।’’
आदित्यनाथ ने सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) ‘एक जिला, एक माफिया’ को बढ़ावा देती थी, जबकि हमने ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ की सुविधा दी है। 2017 से पहले राज्य में शिक्षा की स्थिति का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी ने तो जैसे यह मान लिया था कि नकल करना उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। नकल की प्रवृत्ति को बढ़ावा देकर उन्होंने राज्य के युवाओं के लिए संकट पैदा किया और उनके आत्मनिर्भर बनने के सभी रास्ते बंद कर दिए।’’पूर्वी उत्तर प्रदेश में बहुत से लोगों की जान लेने वाली खतरनाक बीमारी इंसेफलाइटिस की याद दिलाते हुए आदित्यनाथ ने कहा, “हज़ारों बच्चे इंसेफेलाइटिस से पीड़ित होते थे और सैकड़ों की जान चली जाती थी। फिर भी, इस मुद्दे ने कभी कांग्रेस या समाजवादी पार्टी को विचलित नहीं किया।”
योगी ने कहा कि इन्हीं बच्चों के लिए ‘डबल-इंजन’ सरकार ने स्वस्थ जीवन सुनिश्चित करने के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।
