रांची: 10 अगस्त (ए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उसके नेताओं पर राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
सोरेन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आंदोलनकारियों से संवाद और भरोसे के जरिए अपनी समस्याओं का समाधान निकालने की अपील भी की।
झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर जारी आंदोलन सोमवार को 17वें दिन में प्रवेश कर गया।
सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं… समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने माहौल खराब करने और राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि ऐसे किसी भी राजनीतिक बहकावे में न आएं। आप झारखंड का भविष्य हैं।”
उन्होंने कहा कि यह छात्रों की आवाज को नजरअंदाज करने का नहीं, बल्कि उसे सुनने और समस्याओं को सुलझाने का विषय है, जो कि सरकार की जिम्मेदारी है।
सोरेन ने कहा, “आपने अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई है। लोकतंत्र में अपनी बात रखना आपका अधिकार है और आपकी राय का सम्मान करना सरकार का फर्ज है। मैं आपको आश्वासन देता हूं कि सरकार आपकी मांगों पर अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, प्रौद्योगिकी-संचालित, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं। हमारा स्पष्ट उद्देश्य व्यवस्था की कमियों को दूर करना है ताकि भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े।
