उप्र के मथुरा में खुद को ईडी अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश मथुरा
Spread the love

मथुरा: नौ नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने के आरोप में सोमवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से ईडी अधिकारी का फर्जी पहचान पत्र, एक कार, दो आधार कार्ड और कई एटीएम एवं क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिफाइनरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरह कस्बा निवासी सचिन शर्मा के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि आरोपी खुद को ईडी अधिकारी बताकर कई लोगों से ठगी कर चुका है। वह सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर भी ईडी अधिकारी के रूप में अपनी पहचान का प्रचार करता था।

सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से ईडी अधिकारी का फर्जी पहचान पत्र, एक फॉक्स कार, दो आधार कार्ड और कई एटीएम एवं क्रेडिट कार्ड बरामद हुए हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिफाइनरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की घटनाओं को किस तरह अंजाम दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। इसके तहत आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल फोन की लोकेशन का विश्लेषण किया जाएगा, ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके।

सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करेगी। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।