जेलेंस्की ने बर्खास्त रक्षामंत्री से मतभेदों पर सफाई दी, कहा- उन्होंने कुछ गलत कदम उठाए थे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

कीव, 23 अगस्त (ए) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें लगता है कि रक्षामंत्री के पद से बर्खास्त किये गए मिखाइलो फेडोरोव ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने और चुनाव की मांग करने जैसे कुछ गलत उठाए थे।

राष्ट्रपति ने पहली बार विस्तार से सार्वजनिक रूप से फेडोरोव के साथ मदभेदों पर बात की है। जेलेंस्की ने रक्षा खर्च से जुड़े कुछ मुश्किल फैसलों का भी जिक्र किया और कहा कि रक्षा मंत्रालय की गलत जानकारी की वजह से रूस में स्टारलिंक के इस्तेमाल को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक असहज स्थिति पैदा हो गई थी।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ऐसे आंकड़े जारी किए जिनसे ज्ञात होता है कि रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को आवश्यक पैट्रियट वायु-रक्षा मिसाइलों की कमी हो रही है, और पिछले तीन वर्षों में पश्चिमी सहयोगियों से इनकी आपूर्ति में गिरावट आई है, जबकि रूस की तरफ से मिसाइल हमले तेज हो गए हैं।

हालांकि, उन्होंने युद्ध के मैदान में मिली सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि यूक्रेन की सेना ने निप्रॉपेट्रोव्स्क इलाके को लगभग पूरी तरह से वापस अपने नियंत्रण में ले लिया है और अब उसका केवल 10 वर्ग किलोमीटर इलाका ही रूसी नियंत्रण में है।

उन्होंने शनिवार को संवाददाताओं के साथ दो घंटे की अनौपचारिक बातचीत के दौरान ये बातें कहीं। इस बैठक की जानकारी रविवार को सार्वजनिक की गई।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘मिखाइलो के प्रति मेरा नजरिया वास्तव में बहुत सकारात्मक रहा है और अब भी है। हमने साथ मिलकर बहुत कुछ देखा है। लेकिन मेरा मानना ​​है कि वह खुद गलत कदम उठा लेते हैं, या उन्हें ऐसा करने के लिए उकसाया जाता है।’’

फेडोरोव को यूक्रेन की सेना का आधुनिकीकरण करने, प्रौद्योगिकी व ड्रोन युद्ध के इस्तेमाल में तेजी लाने का श्रेय दिया जाता है। उन्हें पिछले महीने देश के शीर्ष सैन्य कमांडर के साथ मतभेद के बाद हटा दिया गया था। उन्हें हटाए जाने के बाद बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। बाद में फेडोरोव ने एक वीडियो संदेश में चुनाव कराने की मांग की।