आंध्र के पूर्व मंत्री व उनके बेटे ने शराब ‘घोटाले’ के पैसे से महंगी गाड़ियां, घड़ियां खरीदीं: ईडी

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 24 अगस्त (ए) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री और युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) नेता के. वेंकट नागेश्वर राव और उनके बेटे सुनील कुमार ने शराब परिवहन “घोटाले” से अर्जित आय का इस्तेमाल महंगी गाड़ियां और घड़ियां खरीदने के अलावा व्यक्तिगत और पारिवारिक खर्चों को पूरा करने के लिए किया।

ईडी ने 61 वर्षीय राव को 23 अगस्त को इस मामले में “मुख्य सूत्रधार” बताते हुए गिरफ्तार किया था। हैदराबाद की एक विशेष अदालत ने रविवार को उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने जून में राव के बेटे सुनील कुमार को ‘आंध्र प्रदेश स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड’ (एपीएसबीसीएल) में कथित 195.33 करोड़ रुपये के शराब परिवहन “घोटाले” में भूमिका के आरोप में गिरफ्तार किया था।

ईडी ने एक बयान में दावा किया कि अपराध (कथित घोटाले) से हुई आय का इस्तेमाल नागेश्वर राव और सुनील कुमार ने महंगी संपत्तियां, मोटर गाड़ियां और महंगी घड़ियां खरीदने, राजनीतिक वित्तपोषण और व्यक्तिगत तथा पारिवारिक खर्चों को पूरा करने में किया। एजेंसी ने कहा कि इसके लिए बैंक खातों के जरिए सीधे लेनदेन और नकद भुगतान किए गए।

एजेंसी ने दावा किया कि पिता-पुत्र ने इन पैसों को “वैध” कारोबारी आय के रूप में पेश किया।

इस मामले में राव, उनके बेटे या पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआरसीपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।