श्रीनगर: 28 नवंबर (ए) जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में एक एसयूवी के खाई में गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक बच्ची घायल हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार देर रात उरी क्षेत्र के गोहलान में हुआ, जब परिवार पास के ही एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहा था। अधिकारियों द्वारा मृतकों की पहचान सैयद मदाद हुसैन शाह के 26 वर्षीय पुत्र सैयद शफीक शाह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी रशीदा बानो, सैयद मदाद हुसैन शाह की 17 वर्षीय पुत्री दिलनाज फातिमा और आबिद हुसैन शाह की 27 वर्षीय पुत्री शाहिदा फातिमा के रूप में की गई है।अधिकारियों ने बताया कि घायल बच्ची की पहचान सैयद मदाद हुसैन शाह की 11 वर्षीय बेटी मनाज फातिमा के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
इस हृदयविदारक घटना से स्थानीय क्षेत्र के निवासी गहरे सदमे में हैं, क्योंकि इस हादसे में एक पूरा परिवार खत्म हो गया है। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
