नेपाल में सिद्धार्थनगर निवासी युवक की नदी की जलधारा में बहने से मौत, शव बरामद

उत्तर प्रदेश गोरखपुर
Spread the love

गोरखपुर (उप्र): 29 अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले का 34 वर्षीय युवक नेपाल में एक नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से उसकी जलधारा के साथ बह गया और उसका शव शनिवार को बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान प्रभात सोनी के रूप में हुई है जो नगर पंचायत, इटवा का निवासी था। पुलिस ने कहा कि वह शुक्रवार को अपने परिजनों के साथ नेपाल गया था।रिश्तेदारों के अनुसार, समूह बुटवल (नेपाल में) में एक नदी के पास चट्टानों पर बैठा था, लेकिन उसका जल स्तर अचानक बढ़ गया और धारा तेज हो गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले कि कोई उसे बचा पाता, प्रभात बह गया।परिवार के लोगों ने यह भी आशंका जताई कि पत्थर से टकराने के बाद उसके सिर पर चोट लगी होगी।

नेपाली अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया और शव शनिवार दोपहर को बुटवल (नेपाल में) में बरामद किया गया और कानूनी औपचारिकताओं के लिए वहां रखा गया है।

प्रभात के पिता अवधेश सोनी अन्य रिश्तेदारों के साथ शनिवार को नेपाल के लिए रवाना हो गये। उनके साथ इटवा नगर पंचायत के अध्यक्ष विकास जायसवाल भी थे।

परिजनों ने बताया कि प्रभात रक्षाबंधन पर अपनी मां के साथ मऊ-जिगिनिहवा स्थित ननिहाल गए थे। वहां से वह और उनके छोटे भाई शिवा सोनी, उनकी मां और अन्य रिश्तेदार नेपाल गये।

यह दुर्घटना तब हुई जब वे नदी के बीच एक चट्टान वाली जगह पर बैठे थे और अचानक पानी बढ़ गया।

प्रभात के परिवार में उनकी पत्नी और चार साल तथा डेढ़ साल की दो बेटियां हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था।इटवा थाने के प्रभारी अनिल कुमार दुबे भी परिवार के पास पहुंचे और शव मिलने की पुष्टि से पहले जानकारी जुटाने का प्रयास किया।