किंशासा: छह सितंबर (एपी) कांगो की राजधानी किंशासा में एक शादी समारोह के दौरान आग लगने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। क्षेत्र के मेयर ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आग शुक्रवार रात एक इमारत में लगी और शनिवार तड़के तक धधकती रही। यह इमारत किंशासा के उत्तरी हिस्से में स्थित लिंगवाला इलाके में है। आग से बचकर निकलने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए इमारत के संकरे गलियारों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। शादी समारोह में शामिल लोगों ने आग में फंसे लोगों की मदद करने की कोशिश की। इमारत से निकाले गए कई लोगों को सड़क किनारे लिटाया गया, जिनमें कुछ जीवित थे, जबकि कुछ की मौत हो चुकी थी।लिंगवाला के मेयर नॉर्बर्ट मुशिंगा ने कांगो प्रेस एजेंसी को बताया कि फिलहाल मृतकों की संख्या 22 है। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
आग लगने के सटीक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। कांगो के उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैक्वेमिन शाबानी ने कहा, ‘‘यह एक त्रासदी है।’’
उन्होंने शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया।
किंशासा के घनी आबादी वाले इलाकों में आग लगने की घटनाएं आम हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, शुष्क मौसम के दौरान आग लगने की घटनाएं आम होती हैं और इस साल भी ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
