अयोध्या, आठ सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय चार हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह में यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उनके परिवारों को हर वर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने तथा दो की जगह तीन साड़ियां उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया।
उन्होंने स्मार्टफोन और रियल टाइम डेटा के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाने की योजना की जानकारी दी।योगी ने कहा कि 2017 में सरकार बनने के समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर आठ हजार रुपये किया गया था।
उन्होंने कहा कि अब इसे बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया जाएगा और सहायिकाओं का मानदेय भी 1,500 रुपये से बढ़ाकर पहले चार हजार और अब छह हजार रुपये किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने एएनएम तथा आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गांव-गांव जाकर दस्तक अभियान और संक्रमित लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2.91 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए साड़ी की धनराशि जारी कर दी गई है।
योगी ने कहा कि अब उन्हें एक अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये और दिए जाएंगे, जिस पर सरकार करीब 20 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा पहले चरण में 1.28 लाख स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे योजनाओं का डेटा रियल टाइम में दर्ज किया जा सकेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जिलों से मंत्री, सांसद, विधायक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं जुड़े।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
