नयी दिल्ली: 15 सितंबर (ए) गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन के तूफानी अर्धशतक से भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर तीन मैच की शृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली।
अफगानिस्तान के 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सैमसन (57 रन, 22 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और अभिषेक शर्मा (39 रन, 19 गेंद, दो चौके, चार छक्के) के बीच पहले विकेट की 6.2 ओवर में 88 रन की साझेदारी की बदौलत सिर्फ 14.5 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। इशान किशन ने भी 23 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों से नाबाद 38 रन की पारी खेली।
