कोलकाता: 29 सितंबर (ए) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के लिए ममता बनर्जी के प्रस्तावित दिल्ली दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वह ‘एक हाथ में जमात और दूसरे में दिमागी नक्सल’ को लेकर आगे बढ़ रही हैं।
अधिकारी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली जाकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेताओं के साथ ‘नई साजिश’ रचने वाली हैं।
उन्होंने दिल्ली पुलिस और खुफिया ब्यूरो से उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया। अधिकारी का यह बयान निर्वाचन आयोग को लेकर विपक्षी दलों के बीच बढ़ते समन्वय के बीच आया है, जिनमें तृणमूल कांग्रेस और माकपा शामिल है।
तृणमूल कांग्रेस और माकपा समेत विपक्षी दलों ने निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।
ममता बनर्जी ने माकपा महासचिव एम ए बेबी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत की है। वह 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में शामिल हो सकती हैं, जिसमें विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होगी।
वाम दलों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री के संपर्क को लेकर अधिकारी ने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि उनका दिल्ली दौरा माकपा नेताओं के साथ मिलकर ‘नई साजिश’ रचने के उद्देश्य से है।
अधिकारी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम से इतर कहा, ‘‘लोग पहले भी दिल्ली गए हैं। वह माकपा नेताओं के साथ नई साजिश रचने के लिए दिल्ली जा रही हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली पुलिस और केंद्रीय खुफिया ब्यूरो (आईबी) से अनुरोध करूंगा कि वे नजर रखें, ताकि फिर से किसी राष्ट्र-विरोधी ताकत के साथ कोई बैठक न हो।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अब उनके मुख्य सलाहकार दिमागी नक्सल हैं। उनके एक हाथ में जमात और दूसरे में दिमागी नक्सल हैं—वह दोनों के साथ आगे बढ़ रही हैं।’’
ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब पश्चिम बंगाल में दशकों से एक-दूसरे के कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और माकपा के बीच असामान्य राजनीतिक समीकरण देखने को मिल रहे हैं।
