मुंबई: एक अक्टूबर (ए) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बृहस्पतिवार को मांग की और आगाह किया कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे तथा अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जायेगा।
दीपके ने कहा कि कॉजपा छह अक्टूबर को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी और यह एक स्वतंत्र आंदोलन रहेगा। दीपके ने यहां मुंबई प्रेस क्लब में कहा कि कॉजपा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दो अक्टूबर को शहर के दादर इलाके के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सीईसी ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि जब तक कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेंगे।
दीपके ने कहा, ‘‘गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में प्रदर्शन किए जाएंगे। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जायेगा।’’
उन्होंने यह मांग भी की कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्ति पारदर्शी ढंग से होनी चाहिए और इसमें नागरिक समाज की भागीदारी भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2025 की मतदाता सूची में ‘‘आगे कोई बदलाव नहीं किया जाना चाहिए’’।
कई विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आलोचना की है और उनके इस्तीफे की मांग की है।
विपक्षी दलों ने यह मांग तब की जब कुछ दिनों पहले ही अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर में दावा किया गया था कि निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने देशभर में मतदाता सूची के ‘एसआईआर’ के दौरान नाम जोड़े और हटाए जाने समेत कई मुद्दों पर आपत्तियां जताई थीं।
निर्वाचन आयोग ने हालांकि एक बयान में स्पष्ट किया था कि तीन सदस्यीय आयोग ने एसआईआर समेत सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए हैं।
