दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तारी का विरोध करते समय पुलिस गोलीबारी में घायल

राष्ट्रीय
Spread the love

भुवनेश्वर: तीन अक्टूबर (ए) एक महिला से उसके घर में ‘‘बंदूक के बल पर’’ दुष्कर्म करने का आरोपी व्यक्ति शनिवार को यहां पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध करने के प्रयास में पुलिसकर्मी पर एक पेचकस से हमला किया था।

चोरी के मामलों में पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने 26 वर्षीय महिला को डराने के लिए पिस्तौल जैसी दिखने वाली लाइटर का इस्तेमाल किया था और बुधवार रात चेहरे पर मास्क लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था और पुलिस ने उसे एक सूचना के आधार पर शनिवार को चंदका इलाके में रोक लिया।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सरवणा विवेक एम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब पुलिसकर्मी उसे गिरफ़्तार करने की कोशिश कर रहे थे, तब उसने पुलिस पर पेचकस से हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों को गोली चलानी पड़ी और आरोपी को दाहिनी पैर में गोली लगी। डीसीपी ने कहा, ‘‘घायल आरोपी को कैपिटल अस्पताल ले जाया गया है।’’

कटक-भुवनेश्वर पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने बताया कि घायल व्यक्ति संतोष उर्फ श्रीधर पांडा (24) को इससे पहले चोरी के दो मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘व्यक्ति के खिलाफ भुवनेश्वर में चोरी के दो मामले दर्ज थे। वह उस रात चोरी करने के इरादे से महिला के घर में घुसा था। उसे महिला के घर में अकेले होने का पता चला तो उसने अपराध किया। उसने रिवॉल्वर जैसी दिखने वाली लाइटर लहराकर उसे डराया।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात के बाद पांडा पहले सरकारी बस में सवार हुआ और फिर ऑटोरिक्शा लिया। उन्होंने बताया कि ऑटोरिक्शा से उतरने के बाद उसने एक नई मोटरसाइकिल चोरी की और उसी का इस्तेमाल कर रहा था।

उन्होंने कहा, “करीब 100 पुलिसकर्मियों को 48 घंटे तक लगातार गहन अभियान में लगाया गया और आखिरकार आरोपी का पता लगा लिया गया।”

पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर आरोपी की तस्वीरें हासिल कर ली थीं और उसके सही ठिकाने का पता लगाने के लिए जांच की जा रही थी।

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘विस्तृत तलाशी अभियान चलाने के बाद आरोपी का पता चंदका इलाके में लगा। जब पुलिस अधिकारियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह आक्रामक हो गया और पेचकस से एक पुलिसकर्मी पर हमला करने की कोशिश की।’’

सिंह ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में दो गोलियां चलाईं, जिससे आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

आरोपी गंजाम जिले का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से भुवनेश्वर के चकेइसियानी इलाके में रह रहा था।