पाकिस्तान के शीर्ष रक्षा और सैन्य अधिकारी रियाद में मक्का गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

इस्लामाबाद: पांच अक्टूबर (ए) पाकिस्तान के शीर्ष रक्षा और सैन्य अधिकारी सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण तनाव बढ़ने के बाद सोमवार को रियाद में त्रिपक्षीय मक्का गठबंधन की एक उच्च-स्तरीय बैठक में शामिल होने वाले हैं, जिसमें क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की जाएगी। अगस्त में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच त्रिपक्षीय रक्षा समझौता हुआ था, जिसके तहत यह तय किया गया था कि अगर समझौते में शामिल किसी एक देश पर हमला हुआ तो वह तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।

विदेश कार्यालय ने एक बयान में पुष्टि की कि सामरिक राजनीतिक एवं रक्षा कमेटी (एसपीडीसी) की बैठक में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल में उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इस्हाक डार, रक्षा बलों के प्रमुख, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ शामिल होंगे।

सऊदी अरब और तुर्किये के उनके समकक्ष इस अहम बैठक में शामिल हो रहे हैं।

बयान में कहा गया है कि सदस्य देश ‘‘क्षेत्र के हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा और मक्का समझौते के तहत जारी सहयोग की समीक्षा करेंगे।’’

विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान की भागीदारी ‘‘क्षेत्रीय शांति व स्थिरता में योगदान जारी रखने के उसके संकल्प’’ को दर्शाती है।

यह बैठक सऊदी अरब पर यमन के हूती विद्रोहियों के लगातार जारी हमलों के बीच हो रही है।

एसपीडीसी मक्का समझौते का एक अहम हिस्सा है और इसमें तीनों सदस्य देशों के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख शामिल हैं।

डार बैठक के लिए रियाद पहुंच चुके हैं। उन्होंने पिछले हफ्ते कहा था कि बातचीत सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों पर केंद्रित रहेगी।