नयी दिल्ली: पांच अक्टूबर (ए) दिल्ली पुलिस ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताकर एक डॉक्टर से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक निजी अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर को मोबाइल फोन पर धमकी भरा फोन आया था। पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने 25 लाख रुपये की मांग की और दावा किया कि उसके पास डॉक्टर की कार का नंबर और उनकी पत्नी के नाम सहित अन्य व्यक्तिगत विवरण है। शिकायत के बाद पश्चिम विहार पूर्व थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए थाने और ‘स्पेशल स्टाफ’ की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता को आरोपी के संपर्क में रहने और बातचीत रिकॉर्ड करने को कहा गया था, जिसके बाद आरोपी ने उन्हें दो अक्टूबर को रोहिणी के एक अस्पताल के पास रंगदारी की रकम लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जाल बिछाया और जब आरोपी पैसे लेने पहुंचा तो उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि उसकी पहचान पूठ ग्राम सभा निवासी हिमांशु जैन के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त की गई।
पूछताछ के दौरान जैन ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए डॉक्टर को धमकी भरा फोन किया था।
पुलिस ने कहा कि जैन पहले भी दो मामलों में शामिल रहा है, जिसमें 2018 में सुभाष प्लेस थाने में दर्ज रंगदारी का मामला शामिल है।
