कांग्रेस बृहस्पतिवार को ‘काला दिवस’ मनाएगी, देशभर में प्रदर्शन का आह्वान

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: सात अक्टूबर (ए) कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग मामले में प्रदर्शन के दौरान विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में बृहस्पतिवार को ‘‘काला दिवस’’ मनाने का फैसला किया है, जिसके तहत राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्षों को भेजे पत्र में कहा कि पार्टी की सभी राज्य, जिला और ब्लॉक/मंडल इकाइयां आठ अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन आयोजित करें।

पत्र में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया और कथित तौर पर बल प्रयोग किया गया।

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के साथ ‘‘बदसलूकी’’ की गई तथा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई नेता घायल हो गए।

वेणुगोपाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर यह कार्रवाई ‘‘संविधान पर हमला’’ है और इसलिए कांग्रेस ने इस दिन को भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘‘काला दिवस’’ घोषित किया है।

पार्टी ने सभी प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस समितियों को तत्काल प्रभाव से निर्देशों का पालन करने को कहा है।