अयोध्या (उप्र): आठ अक्टूबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को उप्र के मुख्यमंत्री को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतना ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।
अयोध्या में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत के मौके पर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री को यह चुनौती दी।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कहा कि अहंकार, सत्ता, भेदभाव, जाति, ऊंच-नीच, छुआछूत का वंदन आज हमारे सामने है। हमारे लिए तो जो प्रभु श्री राम हैं वही प्रभु श्री कृष्ण हैं और जो श्री कृष्ण हैं वही श्री राम हैं। कथा मन और मनोबल को बढ़ाने का काम करती है। भागवत कथा हमे ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा देती है जिसमें भेदभाव का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि जो सुदर्शन चक्र है वो सज्जनों की रक्षा के लिए है, सज्जनों को डराने के लिए नहीं है। राज छल से नहीं, प्रेम से मिलता है।सपा नेता ने कहा कि जो प्रेम, दया और अपनापन नहीं रखता उसका अंत कंस की तरह होता है। भागवत कथा सदियों से चलती चली आ रही है और सदियों तक चलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जब समाजवादी सरकार बनेगी तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैसे अयोध्या की पहचान हो उसके लिए विकास को हम गति देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार होगी तो न आपके साथ भेदभाव होगा न आपका दुकान मकान उजाड़ा जाएगा।
