नयी दिल्ली: आठ अक्टूबर (ए) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने तीन अक्टूबर को जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत देने वाली पत्रकार को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह नोटिस अपराध शाखा की उत्तरी रेंज-1, ने किया है। इसमें कहा गया है कि संसद मार्ग थाने में दर्ज शिकायत को वहां स्थानांतरित किया गया है।शिकायतकर्ता को प्रशांत विहार में अपराध शाखा कार्यालय में सहायक पुलिस आयुक्त, उत्तरी रेंज -1 के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित उपस्थिति असुविधाजनक है तो वह वैकल्पिक तारीख और समय का सुझाव दे सकती है।
दिल्ली पुलिस को विरोध प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र पत्रकारों से यौन उत्पीड़न की तीन शिकायतें मिली हैं और उन्हें जांच के लिए अपराध शाखा को भेज दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
