लखनऊ, जौनपुर: 25 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि राज्य में अगले विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव ‘कमल’ के निशान पर लड़ती है और चुनाव के बाद विधायकों की बैठक में नेतृत्व को लेकर निर्णय लिया जाता है। जौनपुर में संवाददाताओं से बातचीत में मौर्य ने कहा कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है और पार्टी इसी पर चुनाव लड़ती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं कि चुनाव में भाजपा का चेहरा कमल है। चुनाव कमल के निशान पर लड़ा जाता है। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में होती है।’’
मौर्य ने कहा कि इस बैठक में विधायकों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय ही तय करता है कि सरकार का नेतृत्व कौन करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल योगी जी (योगी आदित्यनाथ) हमारे मुख्यमंत्री हैं। चुनाव के बाद योगी जी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई और इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय निर्वाचित होने वाले विधायक करेंगे।’’
मौर्य के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर जारी अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
