वाशिंगटन: 25 नवंबर (एपी) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन चीन से आयातित वस्तुओं पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने और यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान तथा नौ अन्य प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाने की योजना बना रहा है। नए शुल्कों का मकसद इन अर्थव्यवस्थाओं में उत्पादन की अधिकता को हतोत्साहित करना है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इन देशों में सब्सिडी और अन्य व्यापारिक बाधाओं के कारण विनिर्माण उत्पादन बढ़ा है, जिससे अमेरिकी उत्पादकों को नुकसान हो रहा है।
इन शुल्कों का एक अन्य उद्देश्य उस राजस्व की भरपाई करना भी है, जो उच्चतम न्यायालय के फरवरी में दिए गए फैसले के बाद प्रभावित हुआ. न्यायालय ने फैसला सुनाया था कि ट्रंप कांग्रेस को दरकिनार कर आर्थिक आपातकाल घोषित करके सभी देशों पर व्यापक शुल्क नहीं लगा सकते।
प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार देर रात संवाददाताओं के साथ फोन पर बातचीत कर 12 देशों, 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ और स्वशासित द्वीप ताइवान की व्यापार नीतियों की जांच संबंधी रिपोर्ट जारी होने से पहले प्रस्तावित शुल्कों का ब्योरा दिया।अधिकारी ने कहा कि शुल्क अभी प्रस्ताव के चरण में हैं। उन्होंने इन्हें लागू किए जाने की संभावित समयसीमा के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इस महीने हुए मध्यावधि चुनावों में मतदाताओं ने रिपब्लिकन पार्टी को झटका देते हुए प्रतिनिधि सभा और सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी को बहुमत दिलाया। एसोसिएटेड प्रेस के मतदाता सर्वेक्षण के अनुसार, करीब दो-तिहाई मतदाताओं का कहना था कि ट्रंप की नीतियों से अर्थव्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। यह सर्वेक्षण सभी 50 राज्यों में किया गया था।
