सौरव दास को पासपोर्ट संबंधी विवरण पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया: विदेश मंत्रालय

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 25 नवंबर (ए) विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास को संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी विसंगतियों के संबंध में स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) ने सोमवार को दास को यह नोटिस जारी किया और उनसे सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। जायसवाल ने नियमित प्रेस वार्ता में एक सवाल पर यह टिप्पणी की। एक दिन पहले दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया, जहां उन्हें ‘‘कॉकरोच आंदोलन’’ पर बोलना था।कॉजपा नेता ने यात्रा से रोकने के अधिकारियों के फैसले को बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी।

जायसवाल ने कहा, ‘‘मैं बताना चाहता हूं कि पासपोर्ट आवेदन में आवेदक को सही जानकारी देने की घोषणा करनी होती है। यदि किसी भी चरण में कोई विसंगति पाई जाती है या अधिकारियों की ओर से इसकी जानकारी दी जाती है और यह तथ्य छिपाने के दायरे में आता है, तो हम आवेदक को अपना पक्ष स्पष्ट करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें उनसे जन्मस्थान के संबंध में सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।’’

जायसवाल ने कहा कि दास को नोटिस का जवाब देने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी गई है।