इंदौर: नौ अक्टूबर (ए) राजस्थान में सरपंच पद का चुनाव लड़ने के लिए मध्यप्रदेश के इंदौर में अपनी महिला मित्र के घर से सोने का बिस्किट और दो लाख रुपये की नकदी समेत करीब 1.10 करोड़ रुपये का माल चुराने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमन सिंह राठौर ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के निवासी गोपाल जाखड़ उर्फ गोपी (25) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान में सरपंच पद का चुनाव लड़ने की योजना बना रहा था और इसके लिए उसे धन की जरूरत थी।डीसीपी अमन राठौड़ ने बताया कि इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला रेनू शर्मा ने पिछले महीने अपने घर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके घर से एक सोने का बिस्किट, सोने की चेन और दो लाख रुपए कैश चोरी हुए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पीड़ित महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से एक व्यक्ति की पहचान हुई थी। वह व्यक्ति कुछ समय से महिला के साथ ही रह रहा था। महिला को भी चोरी के बाद उस पर संदेह था। इसलिए जांच पड़ताल की गई। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से सोने का बिस्किट (630 ग्राम), सोने की चेन (40 ग्राम), दो लाख रुपए कैश और एक आईफोन बरामद किया गया। डीसीपी अमन राठौड़ ने बताया कि आरोपी की उम्र लगभग 25 साल है। पीड़िता और आरोपी दोनों अलग-अलग राज्य के रहने वाले हैं। दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए थे। बाद में दोनों साथ रहने लगे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है और आपराधिक रिकॉर्ड भी देखा जा रहा है।
