नयी दिल्ली: 10 अक्टूबर (ए) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने शनिवार को दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उसके नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को राष्ट्रीय राजधानी में उनका विमान उतरने के बाद हिरासत में ले लिया।
पार्टी ने एक बयान जारी कर कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की निंदा की। उसने दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा है।
कॉजपा के नेता मुंबई से यहां पहुंचे थे।
पार्टी ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं।
इसी मुद्दे को लेकर कॉजपा ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।
