मतदान के अधिकार को बचाने के लिए सोमवार को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगा ‘इंडिया’ गठबंधन

राष्ट्रीय
Spread the love

अलप्पुझा (केरलम): 10 अक्टूबर (ए) कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि लोगों के मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए जारी संघर्ष के तहत ‘इंडिया’ गठबंधन सोमवार को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगा।

उन्होंने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन ने हाल ही में इस मामले पर अपनी चिंताएं जताने के लिए राष्ट्रपति से मुलाकात की थी और सोमवार को प्रधान न्यायाधीश से भी मुलाकात करेगा।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से उनका पतन होगा।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, जैसे उनका पतन करीब हो। वह विपक्ष के प्रदर्शनों से डरे हुए हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए मेट्रो स्टेशन बंद करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन तब तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे, जब तक चुनाव प्रक्रिया और व्यवस्था स्वतंत्र तथा निष्पक्ष नहीं हो जाती।