नयी दिल्ली: 10 अक्टूबर (ए) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाते समय शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उनके आवास के बाहर हिरासत में ले लिया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने इससे पहले शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन को रोकने के लिए मध्य दिल्ली में की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और संगठन के शीर्ष नेताओं को हिरासत में लिए जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की और इसे ‘‘आपातकाल से भी बदतर’’ बताया।
आप की वरिष्ठ नेता आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने पर दिल्ली पुलिस ने बेरहमी से हिरासत में ले लिया। मोदी जी, ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए आप कितने लोगों को जेल में डालेंगे?’’
केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा था कि वह और उनका परिवार प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं से भी कथित ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी।
शनिवार सुबह कॉजपा के नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विमान में ही ‘‘कॉकरोच’’ (नेताओं) को हिरासत में लेकर दिखा दिया है कि वह ‘‘डरे हुए’’ हैं।
