नयी दिल्ली: 12 अक्टूबर (ए) उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने अधिवक्ताओं से राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान कथित तौर पर पुलिस की ओर से किए गए दुर्व्यवहार और मारपीट के शिकार वकीलों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए मंगलवार को सफेद रिबन लगाने की अपील की।
एससीबीए की मानद सचिव प्रज्ञा बघेल के हस्ताक्षर वाले एक परिपत्र में कहा गया है कि एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति के अधिकांश सदस्यों ने 10 अक्टूबर को पारित प्रस्ताव को देखते हुए यह फैसला लिया है।
एसोसिएशन ने अपने सदस्यों से मंगलवार को अपराह्न 1:15 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने इकट्ठा होने की भी अपील की है। इस दौरान वकीलों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एक मिनट का मौन रखा जाएगा।
परिपत्र में अधिवक्ताओं और बार के सदस्यों से अपील की गई है कि वे अपने कोट पर उन वकीलों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए सफेद रिबन लगाएं जिनके साथ पुलिस ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट की थी।
दिल्ली में ये विरोध प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किए जा रहे हैं।
