इस्लामाबाद: 14 अक्टूबर (ए) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों के बीच बुधवार को उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के नवनियुक्त महासचिव, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल नौमान महमूद के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई बैठक के दौरान यह बात कही।
महमूद को सितंबर में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच गठबंधन का पहला महासचिव नियुक्त किया गया था।
यह गठबंधन सात अगस्त को तीनों देशों के बीच हस्ताक्षरित मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर आधारित है। समझौते में प्रावधान है कि इनमें से किसी एक देश पर सशस्त्र हमला तीनों देशों पर हमला माना जायेगा।
‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के अनुसार, महमूद ने शरीफ को इस समझौते के तहत ‘‘रक्षा और रणनीतिक सहयोग’’ को बढ़ावा देने की रणनीति के बारे में जानकारी दी।
शरीफ ने इस समझौते को ‘‘क्षेत्र में शांति, एकता और स्थिरता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि’’ बताया और महमूद को उनकी नयी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के अनुसार प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान सऊदी अरब की संप्रभुता, रक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसके साथ ‘‘कंधे से कंधा मिलाकर’’ खड़ा है।
यह बैठक सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों समेत बुनियादी ढांचे पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के नये सिरे से बढ़ते हमलों के बीच हुई है।
रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आभा हवाई अड्डे समेत सऊदी अरब के हवाई अड्डों को इस महीने हूती के हमलों में बार-बार निशाना बनाया गया है। इन हमलों से उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ और लोग हताहत हुए हैं।
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि देश के पूर्वी प्रांत में अरामको के एक प्रतिष्ठान पर हमले के बाद वहां एक प्रशासनिक इमारत में आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
