सीबीआई ने रक्षा से जुड़ी जानकारी लीक करने को लेकर एमआईएल के अधिकारी को गिरफ्तार किया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 14 अक्टूबर (ए) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार किया है, जिनपर 500 करोड़ रुपये की आपूर्ति निविदा से जुड़ी संवेदनशील रक्षा जानकारी लीक करने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अनिल कुमार को एक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पकड़ा गया, जिसमें एजेंसी ने एसएमपीपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आशीष कंसल का नाम भी शामिल किया है।

कुमार पुणे स्थित म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड में निदेशक स्तर के अधिकारी हैं, जबकि कंसल गोला-बारूद बनाने वाली कंपनी एसएमपीपी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और निदेशक-प्रवर्तक हैं।

एजेंसी का आरोप है कि कुमार ने कुछ निजी ठेकेदारों और विक्रेताओं के साथ मिलकर, एमआईएल के रक्षा उत्पादन, खरीद और रणनीतिक रूप से अन्य अहम गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक करने और आधिकारिक फायदा पहुंचाने के एवज में अवैध रूप से पैसे लिए।

सूत्रों ने बताया कि कुमार अभी न्यायिक हिरासत में है।

इन घटनाक्रम पर एसएमपीपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

एजेंसी ने आरोप लगाया कि कुमार गैर-कानूनी तरीके से प्राप्त रकम को छिपाने के लिए अपनी पत्नी, भाई और अन्य रिश्तेदारों के जरिये उसका हेरफेर किया करता था।

सीबीआई ने कहा कि कुमार की पत्नी और भाई पर पैसे छिपाने और अपने पास रखने में मदद करके अपराध में सहायता करने का आरोप है।