किरायेदारों ने अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या की

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु: 19 अक्टूबर (ए) बेंगलुरु में किराये का भुगतान नहीं करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो किरायेदारों ने कथित तौर पर 42 वर्षीय एक अधिवक्ता की उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान पट्टंदूर अग्रहारा निवासी मंजूनाथ के रूप में हुई है।हत्या के आरोपी दो व्यक्ति बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो मंजूनाथ के मकान में किराए पर रहते थे। उन्होंने बताया कि घटना रविवार आधी रात के करीब हुई। दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किराये का भुगतान नहीं करने को लेकर अधिवक्ता और आरोपियों के बीच कहासुनी हुई थी जिसके करीब एक घंटे बाद गोलीबारी की घटना हुई।

अधिकारी ने बताया कि गोली अधिवक्ता के सिर में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। गोलीबारी के तुरंत बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि व्हाइटफील्ड थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।