नयी दिल्ली: 23 अक्टूबर (ए) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ कार्यालय के दो अधिकारियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार और मुख्य आरक्षी मनोज द्विवेदी के रूप में हुई है।सीबीआई के अनुसार इससे पहले, एक शिकायत के आधार पर एजेंसी ने द्विवेदी और प्रवर्तन निदेशालय के कुछ अन्य अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि आरोप है कि आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता के पिता से ईडी के एक मामले में मदद करने के लिए रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के पिता को इस मामले में अगस्त और सितंबर 2026 में दो समन मिले थे। एफआईआर दर्ज करने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और हेड कांस्टेबल को प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुमार की ओर से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
