बिहार: मोदी के पिता पर खरगे की टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने निकाला मार्च, पुतला फूंका

पटना बिहार
Spread the love

पटना: 26 अक्टूबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार प्रदेश इकाई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को पटना में एक मार्च निकाला और उनका पुतला फूंका।

बिहार के पटना में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक श्रोता की टिप्पणी ‘‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’’ के जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की इस टिप्पणी पर विवाद शुरू हो गया कि ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा।’’

यह घटना पटना में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसे खरगे संबोधित कर रहे थे।

भाजपा का ‘जन आक्रोश मार्च’ पटना स्थित पार्टी मुख्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर पहुंचा। वहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खरगे और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की।

सरावगी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कल आधुनिक बिहार के निर्माता श्रीकृष्ण बाबू की जयंती मनाने के लिए आयोजित मंच का इस्तेमाल प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए किया गया। यह सभी मर्यादाओं के उल्लंघन की पराकाष्ठा है।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पूरी तरह हार का सामना करना पड़ रहा है और उसका जनसमर्थन लगातार घट रहा है। उन्होंने कहा कि इसी हताशा में पार्टी प्रधानमंत्री मोदी की मां और पिता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कर रही है।

सरावगी ने कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को अपने तौर-तरीके सुधारने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें निश्चित रूप से करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन को अपना रवैया सुधारना चाहिए, अन्यथा उनकी पूरी तरह हार तय है। कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।’’