बरेली (उप्र): 28 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीट के चुनाव के लिए जारी मतगणना में अब तक पांच सीट के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए गए हैं जिनमें से चार सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एक पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीत हासिल की है।
हालांकि, वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत का दावा किया है, जबकि वाराणसी खंड स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मानसिंह यादव और लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह मजबूत बढ़त बनाये हुए हैं।
