नयी दिल्ली: 28 अक्टूबर (ए) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा में बुधवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने दुबई स्थित एक व्यापारी के घर पर गोलियां चलाईं, जो दीवारों और घर के बाहर खड़ी एक कार में लगीं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की कथित संलिप्तता की जांच कर रही है।पुलिस ने बताया कि व्यापारी साहिल जैन उर्फ गूगल को 2021 में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से धमकी मिली थी। धमकी के सिलसिले में 2023 में विशेष प्रकोष्ठ ने मामला दर्ज किया था।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने कहा, ‘इसके बाद कोई नई धमकी नहीं मिली थी। गोलीबारी की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है और हम खुफिया जानकारी पर काम कर रहे हैं।’
पुलिस ने बताया कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि गोलियां साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर खड़ी एक कार और दीवार में लगीं।
डीसीपी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और लोक विहार इलाके में गोलीबारी शुरू कर दी।
यादव ने कहा, ‘हमने टीमें गठित की हैं और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं। हम प्रवेश और निकास बिंदुओं पर काम कर रहे हैं।’
सूत्रों ने बताया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज में दो लोग मोटरसाइकिल पर आते दिख रहे हैं। बाइक चला रहे व्यक्ति ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति ने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। उनमें से एक को मोटरसाइकिल से उतरते और कई गोलियां चलाकर मौके से भागते देखा गया है। छह गोलियां चलाई गईं।
पुलिस को संदेह है कि गोलीबारी रंगदारी वसूलने की कोशिश से जुड़ी हो सकती है। हालांकि सटीक मकसद का पता लगाया जाना बाकी है।
पुलिस ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि क्या हमले का मकसद जैन को डराना था और क्या इसमें कोई आपराधिक गिरोह शामिल है।
सूत्रों ने बताया कि जैन को कथित तौर पर 2021 में बिश्नोई से धमकी भरा फोन आया था। बिश्नोई ने उसे और उसके परिवार को धमकी दी थी, जिसके बाद कथित बातचीत का एक ऑडियो क्लिप वायरल हो गया था।
