ईडी ने आजम खान के जौहर विश्वविद्यालय की जमीन और इमारत कुर्क की

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 28 अक्टूबर (ए) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बताया कि उसने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की जमीन और इमारत धनशोधन रोधी कानून के तहत कुर्क कर ली है।

विश्वविद्यालय की मौजूदा बाजार कीमत लगभग 1,170 करोड़ रुपये है। केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा, “रामपुर के गांव सिंहनखेड़ा स्थित जौहर नगर में विश्वविद्यालय का परिसर मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के पास है। इस ट्रस्ट की स्थापना मोहम्मद आजम खान ने की थी और इसका नियंत्रण भी उन्हीं के पास है। वह विश्वविद्यालय के मानद कुलाधिपति भी हैं।”

संपत्ति कुर्क करने के लिए धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक अस्थायी आदेश जारी किया गया है।

ईडी ने इस मामले में अगस्त में छापेमारी की थी। एजेंसी ने रामपुर जेल में बंद आजम खान से पूछताछ भी की थी।

ट्रस्ट का मुख्यालय लखनऊ में है और उसका संचालन उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के नेतृत्व में होता है। वह इसके मुख्य ट्रस्टी हैं। उनके परिवार के कुछ सदस्य और सहयोगी भी ट्रस्ट से जुड़े हैं।

यह ट्रस्ट 2006 में स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय और रामपुर जिले में एक पब्लिक स्कूल चलाता है।