महिला के घर में घुसकर धमकी देने के आरोप में युवक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश भदोही
Spread the love

भदोही (उप्र) 30 अक्टूबर (ए) भदोही जिला मुख्यालय की शहर कोतवाली पुलिस ने एक दलित महिला के घर में घुसकर हंगामा करने और गंभीर आपराधिक धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान जमुनीपुर कालोनी निवासी लकी गौतम (20) के रूप में हुई है: जिसे बृहस्पतिवार शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना 28 और 29 अक्टूबर की दरमियानी रात दो बजे की है, जब लकी गौतम को एक दलित महिला के घर में एक चौकी के नीचे छिपा हुआ देखकर घर की सबसे बड़ी लड़की ने शोर मचाया।

भदोही कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में लड़कियों की मां की तहरीर पर जमुनीपुर कालोनी निवासी लकी गौतम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 62 (अपराध के प्रयास के लिए आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान), 333 (हमला करने की ग़लत नीयत से अवैध रूप से घर में घुसना), 352 (शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बृहस्पतिवार देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि लकी गौतम गलत इरादे से आधी रात को महिला के घर में घुसा था। तहरीर के हवाले से राय ने बताया कि शोर मचाने पर आई लड़कियों की मां और उनके ससुर से आरोपी गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। वह लड़की को उठा ले जाने की धमकी दे रहा था। घर वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह भाग गया।

एसएचओ ने बताया कि लकी गौतम को जमुनीपुर कालोनी से गिरफ्तार कर आगे की कारवाई की जा रही है।